सेल्फ लव या खुद से प्यार करने के फायदे

March 25, 2021

सेल्फ लव या खुद से प्यार करने के फायदे

कभी-कभी आप कुछ नहीं करते, खदु के साथ थोड़ा समय बिताते हैं, खुद के लिए कुछ मन का करते हैं। इसका मतलब होता है कि आप खुद से प्यार कर रहे हैं। आपकी जिंदगी किसी और के मन मुताबिक नहीं चलती। जब आपको कुछ करना पसंद आता है, तो मन संतुष्ट रहता है। यदि आप अपनी निजी जीवन में ये सब करते हैं, तो आप जानते हैं कि खुद से प्यार कैसे किया जाता है। 
हालांकि ज्यादातर लोगों की जिंदगी ऐसी नहीं है। हममें से ज्यादातर लोग, ‘दूसरे क्या कहेंगे, कहीं मैंने कुछ गलत कर दिया तो क्या होगा, नहीं-नहीं मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए’ जैसी सोच से भरे हुए रहते हैं। 
इस तरह की सोच आपको सेल्फ लव या खुद से प्यार करने से रोकती है। जबकि आप तभी सकारात्मक सोच से भरपूर रह सकते हैं, जब खुद को प्यार करना जानते हैं। सेल्फ लव के कई फायदे हैं। आइए जाानते हैं इसके निम्न फायदों के बारे में-

आप अपनी मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रख रहे हैं
सेल्फ लव की सबसे बड़ी खासियत ये है कि आप अपने आपको प्राथमिकता देना जानते हैं। ऐसा करके आप मन-मस्तिष्क से खुश रहते हैं। जब मन स्वस्थ होता है, तो इसका असर शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

रिश्तों का ख्याल रख रहे हैं
जब आप इस बात को लेकर स्पष्ट होते हैं कि आपको क्या चाहिए? ऐसे में आपके मन में कोई ख्वाहिश अधूरी नहीं रह जाती है। जब अपने आपके साथ ही नहीं बल्कि अपने जानने वालों और परिचितों के साथ भी सकारात्मक रिश्ते निभाना जानते हैं। कुल मिलाकर कहने की बात यही है कि जो आप चाहते हैं, आप वही करते हैं। 

खुद को पूरी तरह स्वीकार करते हैं
खुद को पूरी तरह स्वीकार करना आसान नहीं है। मौजूदा समय में ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जो खुद से असंतुष्ट हैं, अपनी जिंदगी को बोझ समझते हैं। ऐसे लोगों में तनाव, अवसाद बहुत ज्यादा देखने को मिलता है। यदि आपने खुद को स्वीकार कर लिया है, तो इससे आप अंदरूनी तौर पर खुश रहते हैं। आपने खुद को अपने नकारात्मक और सकारात्मक बिंदुओं केसाथ स्वीकार किया है। यह आपको हर समय खुशी से भरापूरा रखती है।

हर पल को जीना जानते हैं
जो लोग खुद को प्यार करते हैं, वे हर पल में खुश रहना जानते हैं। हर पल को सही तरह से जीना जानते हैं। जब आप प्रेजेंट यानी वर्तमान में जीते हैं, तो आपको न तो भविष्य की चिंता सताती है और न ही अतीत की गलतियां परेशान करती हैं। वर्तमान आपको खुश रखता है।

सुनहरा भविष्य देखते हैं
जैसा कि आपको पहले ही बताया गया है कि खुद से प्यार करने वाले लोग ज्यादातर वर्तमान में जीते हैं। राह में आए उतार-चढ़ाव को वे कभी भी नेगेटिवली नहीं लेते। यही कारण है कि उन्हें अपना भविष्य भी सुनहरा और खूबसूरत नजर आता है।

कमतर महसूस नहीं करते हैं
जो लोग खुद को पूरी तरह से स्वीकार करते हैं, वे कभी भी खुद को दूसरों से कमतर महसूस नहीं करते। आपकी यही खासियत आपको दूसरों से अलग और खुशहाल बनाती है।

सकारात्मक ऊर्जा से भरे रहते हैं
जो लोग खुद को प्यार करना जानते हैं, वे हमेशा आसपास सकारात्मक ऊर्जा भरे रहते हैं। यही नहीं वे अपने आसपास ऐसा ही माहौल बनाए रखते हैं, जिसमें दूसरे लोगों को रहना पसंद आता है। जो लोग सेल्फ लव करते हैं, उन्हें दूसरे भी बहुत ज्यादा प्यार करते हैं और पसंद करते हैं।

सही मायनों में सेल्फ लव खुद से खुद को जोड़े रखने को कहते हैं। जब हम खुद से प्यार करते हैं, तो अपनी जिंदगी के मकसद को समझ पाते हैं और उसे हासिल करने के तरीकों को भी समझ जाते हैं।